लातेहार जिले के खेल स्टेडियम में आयोजित प्रमंडल स्तरीय बिरसा किसान सम्मान समारोह (के.सी.सी. वितरण कार्यक्रम) में माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किसानों के बीच केसीसी का वितरण कर लाभुकों को लाभान्वित किया। केसीसी वितरण कार्यक्रम लातेहार के साथ-साथ सभी प्रमंडल के सभी जिलों के सभी प्रखंडों में किया गया। जिसके तहत 1 लाख किसानों को केसीसी वितरित किया गया।

किसानों में बांटे गए 334.94 करोड़ का ऋण
पलामू प्रमंडल के 52043 किसानों को केसीसी का लाभ दिया गया। इनके बीच 334.94 करोड़ केसीसी ऋण का वितरण किया गया। इसमें पलामू जिले के 18,500 किसानों के बीच 100 करोड़ ऋण का वितरण किया गया। वहीं लातेहार जिले के 23,204 किसानों के बीच 150.12 करोड़ ऋण का वितरण किया गया। वहीं गढ़वा जिले के 10,339 किसानों के बीच 87.81 करोड़ केसीसी ऋण वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिले पलामू, लातेहार एवं गढ़वा के 10-10 किसानों को सांकेतिक रूप से केसीसी ऋण का वितरण किया गया।

भाजपा पर जमकर साधा निशाना
लातेहार में बिरसा किसान सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार और झारखंड में पूर्व के भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कई आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने कहा :
“हमने किसानों पर थोपे जाने वाले काले कृषि कानून का हमेशा विरोध किया, किसानों के लिए कंटीले तार लगाने वालों का विरोध किया। यही कारण है आज हमें परेशान करने की कोशिश की जा रही है।
पूर्ववर्ती सरकार ने किसानों को बेहाल कर रखा था, हमने सरकार बनते ही किसानों का ऋण माफ करना शुरू किया। यह आदिवासी मुख्यमंत्री आप सभी की दिन-रात सेवा कर रहा है। जो विपक्षियों को पच नहीं रहा है।
कोरोन काल जैसी भयानक स्थिति में भी राज्य की हमारी माताओं-बहनों की मदद से हमने सबको भोजन कराया। जबकि पूर्ववर्ती सरकार में हमने लोगों को भात-भात कह मरते देखा।
यह सरकार आपके लिए हमेशा खड़ी है। यह युवाओं की सरकार है। झारखण्डवासियों की सरकार है। जहाँ पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार को परीक्षा का रिजल्ट निकालने में हज़ार-हज़ार दिन लगते थे, हमने मात्र 251 दिनों में 7वी से 10वी JPSC का रिजल्ट प्रकाशित कर दिया।
आने वाले कुछ दिनों में भी राज्य सरकार हजारों नियुक्तियां लेकर आ रही है। पारा शिक्षकों को वर्षों बाद न्याय मिला। उनके वर्षों के संघर्ष को हमने सम्मान दिया। उसी तरह हम राज्य के अन्य अनुबंधकर्मियों के संघर्ष को भी सम्मान देंगे।
यह झारखण्डियों की सरकार है। सीमित संसाधन के साथ ही सही, मगर अपने वासियों के लिए हम हमेशा काम करते आ रहे है, हमेशा करते रहेगें।”