जामताड़ा के बराकर नदी में नाव पलटी, 16 लोगों के डूबने की आशंका, चार को बचाया गया

झारखंड के जामताड़ा में गुरुवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। तेज बारिश एवं आंधी के बीच बराकर नदी में एक यात्री नाव पलट गई और उसमें सवार 16 लोगों के नदी में डूबने की आशंका है। हालांकि नाव पर सवार चार लोगों को बचा लिया गया है।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नाव में कितने लोग सवार थे अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा के उपायुक्त फैज़ अहमद मुमताज़ और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिन्हा घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य का स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं। उपायुक्त फैज़ ने बताया कि दुर्घटना में नदी में डूब रहे चार लोगों को बचा लिया गया है और एनडीआरएफ के जवान अन्य लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाव में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग सवार थे। क्षेत्र में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है। जानकारी के अनुसार सभी लोग निरसा से जामताड़ा की ओर नाव से लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश होने लगी और तेज हवा के कारण नाव बीच नदी में पलट गई।

एनडीआरएफ पहुंची, राहत कार्य में बारिश से दिक्कत

हादसे के बाद एनडीआरएफ बुला ली गई है। घटनास्थल पर जामताड़ा डीसी फैज अक अहमद मुमताज और एसपी दीपक कुमार सिन्हा कैंप कर रहे हैं। जामताड़ा डीसी ने बताया कि बचाव के लिए देवघर से एनडीआरएफ की टीम को मंगाया गया है, जो रेसक्यू ऑपरेशन चलाकर नदी पानी में डूबे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही है। मौसम खराब होने और रात होने के कारण रेस्क्यू शुरू नहीं किया जा सका है। बारिश भी हो रही है।

हिचकोले खाते ही अफरातफरी मची, आठ बाइक भी थी

जानकारी के अनुसार 18-20 लोगों के साथ नाव पर करीब आठ बाइक की ढुलाई की जा रही थी। अचानक संध्या करीब साढ़े छह बजे मौसम खराब हो गया और आंधी आ गई। इस कारण आंधी के बहाव में नाव पानी में हिचकोले खाने लगी। इस बीच लोगों में अफरातफरी मच गई। नाव में सफर कर रहे किसी भी यात्री ने लाइफ जैकैट नहीं पहन रखा था।

जामताड़ा थाना क्षेत्र के मेंझिया मोमिनपाड़ा के अबुल अंसारी, उनकी पत्नी और दो बच्चे नाव पर सवार थे, जो लापता है। इसके अलावे श्यामपुर के राशिद अंसारी उपचुरिया अपनी बहन के घर से लौट रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और साली नाव पर सवार थी। इन लोगों का पता नहीं चल सका है। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की। अंसारी ने सरकार से मृतक के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की। साथ ही अविलंब नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग भी की।

स्रोत : live हिंदुस्तान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *