झारखंड: अब महीने के तीसरे शनिवार को स्कूलों में होगी छुट्टी, बाकी शनिवार को पूरे दिन चलेगी स्कूल

झारखंड के सरकारी स्कूलों में अब हर माह के तीसरे शनिवार को छुट्टी रहेगी। इस दिन न शिक्षक स्कूल आएंगे और न ही विद्यार्थी। पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा। वहीं, अन्य शनिवार को जो पूर्व में हाफ डे स्कूल होता था, वह अब नहीं होगा। अब शनिवार को भी अन्य दिनों की अपेक्षा फूड डे क्लास का संचालन होगा। क्लास का संचालन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक होगा।

शिक्षा विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने इसकी अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया कि राजकीयकृत विद्यालयों में हर शनिवार को सामान्य दिनों में सुबह आठ बजे से 11 बजे तक कक्षा निर्धारित की गई थी। वहीं, मॉर्निंग की व्यवस्था में सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े नौ बजे से कक्षाएं होती थीं। अब इसमें भी बदलाव कर दिया गया है। अब स्कूलों का संचालन शनिवार को भी अन्य दिनों के अनुसार ही होगा और फूड डे क्लास चलेगी। वहीं, हर माह के तीसरे शनिवार को स्कूलों में अवकाश रहेगा।

शिक्षक संघों की मांग पर सरकार ने लिया फैसला

हर माह तीसरे शनिवार को छुट्टी दिये जाने की मांग अखिल झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में की गई थी।
झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू और प्रदेश महासचिव बलजीत कुमार सिंह ने भी सरकार के प्रति आभार जताया है। वहीं, एकीकृत सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के संजय दूबे, प्रद्युमन सिंह, ऋषिकेश पाठक, प्रशिक्षित सहायक अध्यापक के प्रमोद कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने भी सरकार को धन्यवाद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *