झामुमो के लोबिन हेम्ब्रम ने बनाया झारखंड बचाओ मोर्चा, हेमंत के खिलाफ घूमेंगे गांव-गांव,

झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने रविवार को नया संगठन बनाने की घोषणा की। इसे झारखंड बचाओ मोर्चा का नाम दिया गया है।

फिलहाल लोबिन हेम्ब्रम ने इसे गैर-राजनीतिक मंच बताया है, वे लगातार कुछ महीनों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आग उगल रहे हैं, झारखंड बचाओ मोर्चा के जरिए वे उन्ही मुद्दों को हवा देंगे, जिसके लिए वो हेमंत सोरेन के खिलाफ है। हेम्ब्रम ने बताया कि अपने संगठन के जरिए वे खतियान आधारित स्थानीय नीति की लड़ाई तेज करेंगे। इसके अलावा नियोजन नीति और सीएनटी-एसपीटी एक्ट को कड़ाई से लागू करने की मांग उठाएंगे। वे झारखंडी भाषा और संस्कृति के मुद्दे पर जागरूकता फैलाएंगे। रविवार को इसके लिए उन्होंने पुराना विधानसभा भवन में अपने समर्थकों के साथ बैठक की। झारखंड बचाओ मोर्चा का मुख्य संरक्षक लोबिन हेम्ब्रम बनाए गए हैं जबकि प्रेम शाही मुंडा और अजय टोप्पो को प्रवक्ता बनाया गया है। जल्द ही मोर्चा के पदाधिकारी राज्य के सभी प्रमंडल में सम्मेलन का आयोजन करेंगे। 21 अगस्त को चाईबासा से इसकी शुरूआत होगी। सभी जिलों की समितियां भी घोषित की जाएगी।

लोबिन हेम्ब्रम ने घर नहीं लौटने की खाई है कसम

लोबिन हेम्ब्रम ने खतियान आधारित स्थानीय नीति लागू होने तक अपने घर नहीं लौटने की कसम भी खाई है। बोरिया के विधायक लोबिन के तेवर हाल के दिनों में कुछ ढ़ीले पड़े थे। वे पार्टी विधायक दल की बैठकों में भी दिख रहे थे। इसके अलावा उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ बोलना भी कम कर दिया था। विधानसभा के मानसून सत्र में भी कटे-कटे दिख रहे थे। सदन के भीतर भी उन्होंने पूर्व की तरह सरकार पर निशाना नहीं साधा। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लोबिन हेम्ब्रम को गंभीरता से लेना छोड़ दिया है। उनके द्वारा नया संगठन बनाने को लेकर कार्रवाई की जा सकती है। उनकी गतिविधियों पर नेताओं की नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *