रामगढ़ | संवाददाता
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश एवं संगठनात्मक मजबूती के क्रम में एक अहम निर्णय लेते हुए प्रदेश प्रभारी के राजू एवं प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो के निर्देश पर दुलमी प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश को रामगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी का मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
सुधीर मंगलेश वर्तमान में दुलमी प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष के रूप में जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जनहित में उनकी स्पष्ट सोच, सशक्त संवाद शैली और मीडिया के प्रति सजग दृष्टिकोण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति से न केवल रामगढ़ जिला कांग्रेस को संचार माध्यमों में मजबूती मिलेगी। बल्कि पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहितकारी प्रयासों को प्रभावी रूप से जनमानस तक पहुँचाने में और भी गति आएगी। इस महत्वपूर्ण दायित्व के मिलने पर मंगलेश ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा। मीडिया विभाग का दायित्व मेरे लिए सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा और सच्चाई की आवाज को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है। कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व को मजबूती देना ही मेरा पहला कर्तव्य होगा। इस घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता में हर्ष की लहर है। जिले भर से कांग्रेसजनों ने श्री मंगलेश को बधाई दी है और उनके नेतृत्व में मीडिया विभाग को नए आयाम तक पहुँचने की उम्मीद जताई है।
