अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट की टीम ने जीता प्रथम स्थान

रामगढ़ | संवाददाता

आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट की मेजबानी में क्लस्टर स्तर की अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट, आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर, आर्मी पब्लिक स्कूल गया तथा आर्मी पब्लिक स्कूल बैंगडुबी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली तर्क, आत्मविश्वास, विषय की समझ और प्रभावी अभिव्यक्ति-कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मलेंदु, एजुकेशन ऑफिसर रहे। निर्णायक मंडली में रतन कुमार शर्मा, डॉ. हरमीत कौर एवं श्रीमती हरप्रीत कौर शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के तर्कों की स्पष्टता, विषय-वस्तु, भाषा, प्रस्तुतीकरण, आत्मविश्वास तथा अभिव्यक्ति-कौशल के आधार पर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर की टीम उपविजेता रही। व्यक्तिगत श्रेणी में श्रेष्ठ प्रतिभागी का सम्मान आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर की दिव्य गुप्ता (पक्ष) एवं सिमरन वर्मा (विपक्ष) को मिला। वहीं श्रेष्ठ प्रश्नकर्ता का पुरस्कार आर्मी पब्लिक स्कूल बैंगडुबी की प्रतिभागी आग्रह ने प्राप्त किया। समापन अवसर पर निर्णायक मंडली के सदस्यों ने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मलेंदु ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रभावी वक्ता बनने के लिए विषय का गहन अध्ययन, स्पष्ट विचार, उचित शब्दों का चयन, आत्मविश्वास, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और निरंतर अभ्यास को आवश्यक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में केवल लक्ष्य निर्धारित करने के बजाय जीवन के उद्देश्य और लक्ष्य के बीच के अंतर को समझने तथा अपने उद्देश्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे कमांड स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।

पुरस्कार के साथ बच्चे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *