• रामगढ़ जिला के चुनाव पदाधिकारी होंगे सरोज सिंह
• सह प्रभारी की जिम्मेवारी चंद्रशेखर और संजय को मिली
• आज भाजपा रामगढ़ जिला कार्यालय में होगी कार्यशाला
रामगढ़ | संवाददाता
संगठन पर्व 2024-25 चुनाव को लेकर भाजपा झारखंड प्रदेश चुनाव प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा ने राज्य की सभी 24 जिला पर्यवेक्षक, जिला चुनाव पदाधिकारी और दो सह चुनाव प्रभारी का मनोनयन किया है। इसके तहत रामगढ़ जिला पर्यवेक्षक लोहरदगा के पूर्व सांसद सुदर्शन भगत को बनाए गए। इसके अलावा जिला चुनाव पदाधिकारी सरोज सिंह, सह प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी और डॉ संजय सिंह (पतरातू) को बनाया गया है। पत्र की प्रतिलिपि झारखंड भाजपा प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राष्ट्रीय सह चुनाव पदाधिकारी संबित पात्रा को प्रेषित की गई है।
ईमानदारी से करुंगा दायित्व का पालन : सुदर्शन
भाजपा जिला कार्यालय में 4 फरवरी को एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। इसमें मुख्य रुप से जिला पर्यवेक्षक सह लोहरदगा के पूर्व सांसद सुदर्शन भगत शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी ने संगठन पर्व 2024-25 चुनाव को लेकर मुझे रामगढ़ जिला पर्यवेक्षक बनाया गया है। पूरी ईमानदारी से इसका पालन करुंगा। कार्यशाला के दौरान सभी चयनित भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया और संचालन की जानकारी दी जाएगी। यह एक तरह से सभी का प्रशिक्षण होगा। ताकि निर्बाध रुप से चुनाव प्रक्रिया का संचालन हो सके।