– झारखंड अनुबंधित कर्मचारी संघ रामगढ़ का पुनर्गठन
– मजदूरों की समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
– समाधान नहीं होने पर होगा चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद
रामगढ़ | संवाददाता
झारखंड अनुबंध कर्मचारी संघ की बैठक रविवार को स्थानीय फुटबॉल मैदान में हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से कमेटी का विस्तार हुआ। इसके तहत संघ के मुख्य संरक्षक हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल बनाए गए। वहीं सरदार अनमोल सिंह को झारखंड अनुबंध कर्मचारी संघ का पुन : अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ पदाधिकारी के रुप में प्रदीप नायक, सुरेंद्र नायक, उमेश राम, सन्नी राम, विजय राम, राजू राम, भुकाला भुइया, अरुण राम, विष्णु राम, सूरज राम, इंद्रजीत राम, विष्णु राम, सूरज राम आदि पदाधिकारी बनाए गए हैं। बैठक के दौरान मजदूरों को पीएफ की सुविधा प्रदान करने, न्यूनतम मजदूरी का भुगतान करने, 10 साल से काम करने वालों को स्थाई करने पर विचार – विमर्श हुआ। नव नियुक्त अध्यक्ष अनमोल सिंह ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त रामगढ़ और छावनी परिषद सीईओ से मिलेगा। इस दौरान मजदूरों की समस्याओं के बाबत विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी। साथ ही सहानुभूति पूर्वक समाधान का आग्रह किया जाएगा। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर झारखंड अनुबंध कर्मचारी संघ के बैनरतले आंदोलन का शंखनाद होगा। बैठक के दौरान छावनी परिषद के नगर परिषद रामगढ़ में विलय की प्रक्रिया का भी विरोध किया गया। इस अवसर पर लाल बाबू राम, गुलचंद राम, भरत राम, भीम राम, बिट्टू राम, भोला राम, राजू राम आदि मौजूद थे।
